एनएचपीसी ने विश्व पर्यावरण दिवस मनाया
एनएचपीसी ने विश्व पर्यावरण दिवस मनाया
एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री भूपेंद्र गुप्ता ने 05.06.2026 को एनएचपीसी निगम मुख्यालय, फरीदाबाद में पौधारोपण कर तथा वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ कर विश्व पर्यावरण दिवस समारोह का नेतृत्व किया। यह कार्यक्रम एनएचपीसी द्वारा निगम मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालयों, विद्युत स्टेशनों, परियोजनाओं तथा अन्य इकाइयों में विश्व पर्यावरण दिवस के राष्ट्रव्यापी आयोजन के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो पर्यावरणीय सततता के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करता है।
इस अवसर पर उपस्थित कार्मिकों को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी से अपने दैनिक जीवन में सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने भविष्य की पीढ़ियों के लिए पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के महत्व पर जोर देते हुए कर्मचारियों से स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति एनएचपीसी की अटूट प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।
******
फ़रीदाबाद
05.06.2026