एनएचपीसी में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु हिंदी कवि सम्मेलन का आयोजन
एनएचपीसी में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु हिंदी कवि सम्मेलन का आयोजन
राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से एनएचपीसी द्वारा दिनांक 12 मार्च 2026 को निगम मुख्यालय, फरीदाबाद में एक भव्य हिंदी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), श्री सुप्रकाश अधिकारी, निदेशक (तकनीकी) तथा श्री संतोष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी सहित एनएचपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कवि सम्मेलन के दौरान एनएचपीसी महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा गुप्ता तथा समिति की सदस्याएँ श्रीमती मोना लाल और श्रीमती रिंकू शर्मा भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), एनएचपीसी ने सभी आमंत्रित कवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ जीवन की जटिलताओं और तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच आनंद, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक सच्चा नागरिक, विशेषकर एक सैनिक, स्वयं से पहले देश के हित के बारे में सोचता है, उसी प्रकार हमें भी अपनी इस संस्था के विकास और प्रगति को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए, जिसमें राजभाषा में अधिकाधिक कार्य करना भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राजभाषा के व्यापक प्रयोग से हम देश के प्रत्येक नागरिक के साथ अधिक प्रभावी संवाद स्थापित कर सकते हैं।
कवि सम्मेलन के दौरान डॉ. चकाचौंध ज्ञानपुरी, डॉ. सुरेश अवस्थी, श्रीमती पूनम श्रीवास्तव, श्री सबरस मुरसानी, श्री मोहित सक्सेना तथा श्री प्रवीण कुमार राही सहित प्रतिष्ठित कवियों ने विभिन्न काव्य रसों, देशभक्ति तथा समसामयिक सामाजिक विषयों पर आधारित काव्यपाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह साहित्यिक आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक रही तथा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
*******
12.03.2026
फ़रीदाबाद