पंजाब के माननीय राज्यपाल द्वारा राजस्थान में सीमा क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु एनएचपीसी द्वारा प्रदान किए गए आईसीयू एंबुलेंसों का लोकार्पण
पंजाब के माननीय राज्यपाल द्वारा राजस्थान में सीमा क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु एनएचपीसी द्वारा प्रदान किए गए आईसीयू एंबुलेंसों का लोकार्पण
पंजाबके माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने 5 फरवरी 2026 को एनएचपीसी लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत जोधपुर स्थित सुदर्शन सेवा संस्थान को दो अत्याधुनिक आईसीयू एम्बुलेंस समर्पित की। लोकार्पण समारोह के दौरान एनएचपीसी लिमिटेड के निदेशक (वित्त) श्री महेश कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस पहल के अंतर्गत एक एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस, जिसमें ट्रांसपोर्ट वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध है तथा एक बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एंबुलेंस की खरीद की गई। इस परियोजना की कुल लागत ₹44.09 लाख रही। जोधपुर स्थित सुदर्शन सेवा संस्थान के माध्यम से क्रियान्वित यह परियोजना राजस्थान के दूरस्थ एवं संवेदनशील सीमा क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आरंभ की गई है।
इस अवसर पर पंजाब के माननीय राज्यपाल, श्री गुलाब चंद कटारिया ने एनएचपीसी की सीएसआर पहलों, विशेष रूप से आईसीयू एंबुलेंस प्रदान करने के प्रयास की सराहना की और दो आधुनिक एंबुलेंसों को जोधपुर के सुदर्शन सेवा संस्थान को समर्पित करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की, जो राजस्थान के दूरदराज और संवेदनशील सीमा क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगी। उन्होंने एनएचपीसी की सार्वजनिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की और इन एंबुलेंसों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा दिया जा सके।
इस अवसर पर बोलते हुए, श्री महेश कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त),एनएचपीसी लिमिटेड ने कहा कि केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं रहकर, सीएसआर एनएचपीसी के दृष्टिकोण का अभिन्न हिस्सा है। वर्षों से एनएचपीसी शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरणीय स्थिरता और आपदा प्रबंधन में निरंतर पहलों के माध्यम से समावेशी विकास को बढ़ावा देने में प्रतिबद्ध रहा है। राजस्थान के विभिन्न जिलों में एनएचपीसी की सीएसआर पहलें स्थानीय विकास और दीर्घकालिक सामुदायिक कल्याण के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं।
विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम, एनएचपीसी लिमिटेड ने राजस्थान की विस्तृत अंतरराष्ट्रीय सीमा एवं सीमा क्षेत्रों में उन्नत चिकित्सा सुविधाओं की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की है। ये एंबुलेंस वंचित क्षेत्रों में निवासरत हजारों लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जीवनरेखा के रूप में कार्य करेंगी तथा आपात स्थितियों में समय पर चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित करेंगी। आईसीयू-सुविधायुक्त एएलएस एंबुलेंस अत्याधुनिक जीवनरक्षक चिकित्सा उपकरणों, जिसमें ट्रांसपोर्ट वेंटिलेटर भी शामिल है, से सुसज्जित है। दोनों एंबुलेंस वास्तविक समय जीपीएस-आधारित ट्रैकिंग प्रणाली से युक्त हैं तथा प्रशिक्षित चालकों एवं योग्य पैरामेडिकल कर्मियों द्वारा संचालित की जाएंगी। इन विशेषताओं से क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और रोगी देखभाल में उल्लेखनीय सुधार होने की अपेक्षा है।
एनएचपीसी लिमिटेड एवं सुदर्शन सेवा संस्थान के इस सहयोगात्मक प्रयास से प्रतिवर्ष 15,000 से अधिक लोगों को लाभ मिलने की संभावना है। यह पहल आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच में सुधार, सुरक्षित प्रसव को प्रोत्साहन देने तथा विश्वसनीय एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता के माध्यम से संकटजन्य पलायन को कम करने में सहायक सिद्ध होगी। यह पहल देश के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण एवं वंचित क्षेत्रों में समावेशी विकास और सामुदायिक कल्याण के प्रति एनएचपीसी लिमिटेड की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
******
फ़रीदाबाद
06.02.2026