माननीय राष्ट्रपति ने रायरंगपुर महिला महाविद्यालय, मयूरभंज, ओडिशा में 360-सीटर छात्रावास का शिलान्यास किया
माननीय राष्ट्रपति ने रायरंगपुर महिला महाविद्यालय, मयूरभंज, ओडिशा में 360-सीटर छात्रावास का शिलान्यास किया
माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 04.02.2026 को मयूरभंज ज़िले के रायरंगपुर प्रखंड स्थित रायरंगपुर महिला महाविद्यालय में 360-सीटर बालिका छात्रावास का शिलान्यास किया। लगभग ₹10.23 करोड़ की अनुमानित लागत वाला यह छात्रावास परियोजना, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत “नवरत्न” सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम एनएचपीसी लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत क्रियान्वित की जा रही है। इस परियोजना का कार्यान्वयन एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड की सहायक कंपनी हिंदुस्तान स्टीलवर्क्स कंस्ट्रक्शन लिमिटेड द्वारा मयूरभंज जिला प्रशासन के समन्वय में किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य रायरंगपुर महिला महाविद्यालय की छात्राओं, विशेष रूप से जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों की युवतियों के लिए सुरक्षित, संरक्षित और सुलभ आवासीय सुविधाओं की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करना है। इस छात्रावास से छात्राओं का नामांकन और शिक्षा में निरंतरता बढ़ाने, निर्बाध शैक्षणिक गतिविधियाँ सुनिश्चित करने और वंचित समुदायों के लिए उच्च शिक्षा तक पहुंच सुदृढ़ करने की उम्मीद है।
प्रस्तावित छात्रावास एक आधुनिक, आरसीसी संरचना वाला और भूकंप-प्रतिरोधी भवन होगा। इसमें सुसज्जित कमरे, 24×7 सीसीटीवी निगरानी, व्यापक अग्नि सुरक्षा प्रणाली, समर्पित अध्ययन कक्ष, आधुनिक भोजनालय और मनोरंजन सुविधाएँ शामिल होंगी। सुरक्षा, सुविधा और शैक्षणिक फोकस को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया यह छात्रावास युवाओं के लिए सुरक्षित और प्रेरक आवासीय वातावरण प्रदान करेगा।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) जैसी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप यह परियोजना एनएचपीसी लिमिटेड, हिंदुस्तान स्टीलवर्क्स कंस्ट्रक्शन लिमिटेड और ओडिशा सरकार/जिला परिषद मयूरभंज के सहयोगी प्रयासों का परिणाम है। यह पहल क्षेत्र में महिला शिक्षा, जनजातीय सशक्तिकरण और समावेशी सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
******
फ़रीदाबाद
04.02.2026