तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना में बचाव अभियान समाप्त
जैसा कि पूर्व में सूचित किया गया था, दिनांक 20 जुलाई, 2026 को तीस्ता स्टेज-VI परियोजना की निर्माणाधीन हेड रेस टनल (एचआरटी) के भीतर चट्टानों में फंसी/ अंतनिर्हित संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक विस्फोटित होने से घना धुआँ एवं विषैली गैसें उत्पन्न हुईं, जिसके परिणामस्वरूप यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई।
बचाव अभियान जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), विद्युत मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सिक्किम सरकार, पश्चिम बंगाल सरकार, एनएचपीसी, कोल इंडिया लिमिटेड, पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड, ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य अनेक एजेंसियों के समन्वित सहयोग से संचालित किया गया।
एनएचपीसी का शीर्ष प्रबंधन बचाव अभियान की पूरी अवधि के दौरान परियोजना स्थल पर उपस्थित रहा तथा सभी संबंधित एजेंसियों के साथ अभियान की सतत निगरानी एवं समन्वय करता रहा।
एनएचपीसी इस अत्यंत दुखद घटना में 25 बहुमूल्य जीवनों की क्षति पर गहरा शोक व्यक्त करती है तथा दिवंगतों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएँ प्रकट करती है। इस कठिन समय में कंपनी शोक-संतप्त परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है तथा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एनएचपीसी जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, कोल इंडिया लिमिटेड, पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड, ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड, स्थानीय प्रशासन तथा उन सभी एजेंसियों एवं प्रत्येक व्यक्ति के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करती है, जिन्होंने अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निस्वार्थ भाव से बचाव अभियान में योगदान दिया।
एनएचपीसी, विद्युत मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, सिक्किम सरकार तथा पश्चिम बंगाल सरकार के प्रति भी उनके अमूल्य मार्गदर्शन, निरंतर सहयोग एवं समय पर प्रदान की गई सहायता के लिए विशेष आभार व्यक्त करती है।
********
दिनांक: 23.07.2026
स्थान: फरीदाबाद