एनएचपीसी को `मानव संसाधन उत्कृष्टता में महत्वपूर्ण उपलब्धि` के लिए 2025-26 का सीआईआई एचआर एक्सलेन्स अवार्ड प्रदान किया गया
एनएचपीसी को "मानव संसाधन उत्कृष्टता में महत्वपूर्ण उपलब्धि " के लिए 2025-26 का सीआईआई एचआर एक्सलेन्स अवार्ड प्रदान किया गया
भारत सरकार की नवरत्न उद्यम, एनएचपीसी को “मानव संसाधन उत्कृष्टता में महत्वपूर्ण उपलब्धि” के लिए सीआईआई एचआर एक्सलेन्स अवार्ड 2025-26 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार एनएचपीसी के अधिकारियों की एक टीम ने प्राप्त किया, जिसका नेतृत्व श्री आर. टी. नाथन, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) तथा श्री अनिश गौराहा, कार्यपालक निदेशक – सलाल पावर स्टेशन ने किया। यह सम्मान 11 मार्च 2026 को मुंबई में आयोजित 16वें सीआईआई नेशनल एचआर एक्सलेन्स अवार्ड कॉन्फ्लुएन्स 2025-26 के दौरान प्रदान किया गया।
सीआईआई एचआर एक्सलेन्स अवार्ड उद्योग जगत का सबसे प्रतिष्ठित और बहुप्रतिष्ठित मानव संसाधन पुरस्कार है, जो संगठनों की उत्कृष्ट एचआर प्रक्रियाओं और पद्धतियों को उच्च मूल्य और मान्यता प्रदान करता है। यह पुरस्कार कर्मचारियों के कौशल उन्नयन, ईएसजी पहल, विविधता, समानता एवं समावेशन (DE&I) पहलों, रणनीतिक एचआर पहलों एवं पद्धति, एचआर प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, संवेदनशील एवं चुस्त नेतृत्व, कर्मचारी प्रतिभागिता प्रक्रियाओं तथा सुदृढ़ कॉर्पोरेट गवर्नेंस रणनीतियों जैसे क्षेत्रों में एनएचपीसी की उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रगति को दर्शाता है। इन पहलों के माध्यम से एनएचपीसी अपने सभी हितधारकों के बीच एक विश्वसनीय ब्रांड के रूप में स्थापित हो रहा है।
श्री भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक, एनएचपीसी ने उत्कृष्टता की दिशा में मानव संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की। वर्तमान में प्रचलित अत्यंत परिवर्तनशील और अस्थिर व्यावसायिक मॉडलों एवं कार्यप्रणालियों के संदर्भ में उन्होंने एनएचपीसी के मानव संसाधन पेशेवरों से कर्मचारियों के सतत कौशल उन्नयन पर विशेष ध्यान देने तथा बदलते एचआर परिदृश्य के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए उद्योग की श्रेष्ठ एचआर पद्धतियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
श्री उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), एनएचपीसी ने इस उपलब्धि पर सभी कर्मचारियों को बधाई दी और लगातार दूसरे वर्ष सीआईआई पुरस्कार प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि इस वर्ष एनएचपीसी को पिछले वर्ष की तुलना में उन्नत श्रेणी में यह सम्मान प्राप्त हुआ है, जो संगठन के उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम को दर्शाता है। उन्होंने मूल्यांकन प्रक्रिया से प्राप्त अंतर्दृष्टियों का विश्लेषण करने के महत्व पर जोर देते हुए एनएचपीसी की एचआर प्रक्रियाओं और पद्धतियों को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर एवं समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
******
13.03.2026
फ़रीदाबाद